संपादक
पीयूष सूरी
देहरादून । कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून में नागरिक सुरक्षा, उत्तराखंड सरकार के तत्वावधान में नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विषयक पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ आज किया गया। प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने, नागरिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक एवं आवश्यक पहलुओं से परिचित कराना है। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री साहू जी, डी.सी. नागरिक सुरक्षा, देहरादून उपस्थित रहे। उनके साथ नागरिक सुरक्षा विभाग के कई अन्य गणमान्य अधिकारी एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशिक्षण शिविर के प्रथम दिन श्रीमती ममता नगर एवं श्री अनिल वर्मा ने नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन विषय पर विस्तृत एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिए। उन्होंने आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों, बचाव एवं राहत कार्यों तथा नागरिकों की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। मुख्य अतिथि श्री साहू जी ने अपने संबोधन में नागरिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से आम नागरिकों में जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ता है तथा संकट की स्थिति में जन-धन की हानि को कम करने में सहायता मिलती है इस पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून के विभिन्न विभागों की छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को नागरिक सुरक्षा, प्राथमिक बचाव, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया तथा सुरक्षा उपायों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कार्यक्रम के आयोजन से छात्राओं एवं शिक्षिकाओं में नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आपदा की स्थिति में जिम्मेदारीपूर्वक एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने की क्षमता विकसित होने की उम्मीद है।