संपादक
पीयूष सूरी
देहरादून । भारत सरकार के “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत कन्या गुरुकुल परिसर, देहरादून के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) प्रकोष्ठ द्वारा शुक्रवार को जन-जागरूकता रैली एवं नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का संदेश देना था। कार्यक्रम का शुभारम्भ कन्या गुरुकुल परिसर से निकाली गई जागरूकता रैली से हुआ। रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियाँ लेकर “नशे को ना, जीवन को हाँ”, “नशा छोड़ो, भविष्य जोड़ो”, “स्वस्थ युवा–समृद्ध भारत” तथा “नशामुक्त भारत, विकसित भारत” जैसे ओजस्वी नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के उपरांत डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक, डी.एल. रोड, देहरादून पर “नशे को ना, जीवन को हाँ” विषय पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। छात्राओं ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे की लत से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में यह संदेश दिया गया कि नशा केवल व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। साथ ही युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. सरिता नेगी ने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से बचाने के लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए युवाओं को प्रेरित करना भी है। इस अवसर पर डॉ. ममता एवं डॉ. अर्चना ने रैली में सहभागिता कर स्वयंसेविकाओं का उत्साहवर्धन किया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु सभी नागरिकों से संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयंसेविकाओं ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ भागीदारी निभाई। आंबेडकर चौक पर उपस्थित स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों ने नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए इसे समाज में जागरूकता फैलाने की एक प्रभावी पहल बताया।
अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने “नशामुक्त भारत” के निर्माण हेतु सक्रिय सहयोग देने तथा स्वयं भी नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
