यमकेश्वर। शिक्षक दिवस के अवसर पर विकासखंड यमकेश्वर में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 शिक्षक-शिक्षिकाओं को खंड शिक्षा अधिकारी यमकेश्वर खुशाल सिंह टोलिया द्वारा सम्मानित किया गया।
सम्मानित शिक्षकों में माध्यमिक स्तर के 9, जूनियर स्तर के 2 तथा प्राथमिक स्तर के 2 शिक्षक शामिल रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल कक्षा में शिक्षण कार्य तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यालय की प्रगति, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा छात्रहित के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अपने शैक्षणिक दायित्वों के साथ विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
सम्मान प्राप्त करने वालों में प्रधानाचार्य डॉ. नन्द किशोर गौड़, बुद्धि प्रकाश पेटवाल, लक्ष्मी प्रसाद नौटियाल, रेणु गौड़, सहायक अध्यापक माध्यमिक प्रमोद कुमार, दीपक डिमरी, वीरेन्द्र तनवार, रश्मि गुप्ता एवं पूनम कुकरेती शामिल रहे।
जूनियर स्तर से जयवीर सिंह पयाल एवं मनोज राणा तथा प्राथमिक स्तर से रानी रावत एवं श्री सुनील भट्ट को सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी खुशाल सिंह टोलिया ने सभी सम्मानित शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षकों का समर्पण ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और विद्यालयों की प्रगति की आधारशिला है। उन्होंने शिक्षकों से इसी प्रकार निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन सुमन प्रकाश भट्ट ने प्रभावी एवं शानदार ढंग से किया। उनके कुशल संचालन ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं आकर्षक बनाए रखा। इस अवसर पर कार्यक्रम में राजकीय शिक्षक संघ यमकेश्वर के ब्लॉक अध्यक्ष सुमन प्रकाश भट्ट, जुनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष मेहरबान सिंह बिष्ट और प्राइमरी शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवेन्द्र डोभाल, संजय रयाल प्रधानाचार्य हीराखाल उपस्थित रहे ।
