संपादक
पीयूष सूरी
हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय, हरिद्वार में छात्रहित की 21 सूत्रीय मांगों एवं कुलपति महोदया के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश अध्यक्ष बजरंग वाहिनी दल उत्तराखंड एवं विश्वविद्यालय के छात्र आशु मलिक का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा।
लगातार तीसरे दिन आमरण अनशन जारी रहने के कारण आशु मलिक के स्वास्थ्य को लेकर समर्थकों एवं छात्रों में चिंता बनी हुई है। इससे पूर्व अनशन के दूसरे दिन चिकित्सकों द्वारा उनकी स्वास्थ्य जांच भी की गई थी। अनशन स्थल पर मौजूद लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों के बावजूद आशु मलिक अपनी मांगों को लेकर अनशन पर डटे हुए हैं।
21 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग
आशु मलिक ने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं मूलभूत समस्याओं से संबंधित 21 सूत्रीय मांग-पत्र कुलाधिपति एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जा चुका है। इन मांगों में स्थायी Student–Administration Committee, Debate Room, कैंटीन का पुनः संचालन, विभागों के बार-बार स्थानांतरण पर रोक, प्रशासनिक पारदर्शिता, प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था, छात्र प्रतिनिधित्व की बहाली, छात्रावास एवं मूलभूत सुविधाओं में सुधार, पुस्तकालय, Gym एवं Sports Infrastructure से संबंधित मांगें शामिल हैं।
इसके अलावा कन्या गुरुकुल परिसर देहरादून की समस्याओं, विभागों के विलय एवं स्थानांतरण, कुलपति की नियुक्ति में UGC Regulations 2023 के अनुपालन तथा योग विज्ञान विभाग के स्थानांतरण की समीक्षा की मांग भी की गई है।
कुलपति के इस्तीफे की मांग पर कायम
आशु मलिक ने कहा कि आंदोलन के दौरान उठाए गए सभी मुद्दों पर विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर ठोस एवं लिखित कार्रवाई नहीं होती है तो कुलपति महोदया के इस्तीफे की मांग जारी रहेगी।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का विरोध करना नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में छात्रहित, पारदर्शिता और बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था सुनिश्चित कराना है।”
छात्रों से शांतिपूर्ण सहयोग की अपील आशु मलिक ने छात्रों से अपील की कि वे आंदोलन को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आगे बढ़ाएं और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित किए बिना अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए आवाज उठाएं।
उन्होंने कहा कि जब तक 21 सूत्रीय मांगों पर ठोस, सकारात्मक एवं लिखित कार्रवाई नहीं होती, तब तक आमरण अनशन जारी रहेगा।